Spread the love


खोही(चित्रकूट)। धर्मनगरी को कलंकित करने वालों पर कानून का दोतरफा चाबुक चला है। पुलिस ने दुष्कर्मियों को गिरफ्तार कर सलाखों में पहुंचा दिया है। अदालत अब उनके गुनाहों की सजा देगी। इधर, गैरकानूनी तरीके से घरों में किए गए निर्माण पर बुलडोजर गरज पड़ा। दुष्कर्मियों के परिवार से छत छिन गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर मध्यप्रदेश में चले बुलडोजर का खासा खौफ है।

जिले सीमा से सटे मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित केवटरा में सोमवार दोपहर जब बुलडोजर पहुंचा तो सैकड़ों लोगों की सांसें अटक गईं। अफसरों ने अवगत कराया कि टीम दुष्कर्मियों के घरों पर कार्रवाई के लिए पहुंची है। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने कार्रवाई का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ लोग इसका समर्थन करते भी दिखे। बोले-धर्मनगरी को कलंकित करने वालों को ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए। यह भी चर्चा रही कि सामूहिक दुष्कर्म में तीन आरोपियों में सीतापुर चौगलिया निवासी विनोद निषाद, कटरा कूदर निवासी पंकज जोशी और बांदा के सोहाना गांव निवासी मनोज यादव भी हैं। इनके घर भी जल्द बुलडोजर चल सकता है।

अपराधियों पर गरज रहा बुलडोजर

यूपी क्षेत्र में लोढ़वारा के पूर्व प्रधान सपा नेता हरिमोहन यादव की बेनामी संपत्ति पर सीएम योगी का बुलडोजर चल चुका है। निखत-अब्बास के गैर कानूनी जेल मिलन कांड में सहयोगी रहे सपा नेता फराज खान के घर पर बुलडोजर चलने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन समय रहते उसके परिजनों ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली। इससे बुलडोजर नहीं चल सका।

मिन्नतें करते रहे परिजन पर नहीं पसीजे अधिकारी

खोही(चित्रकूट)। संतोष के भाई कामता व उसकी मां कहना है कि वह चार भाई हैं, जिसमें तीन भाई इस घर में पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। आरोपी भाई मां के साथ घर के बगल में बनी कुटिया में रहता है। नियमानुसार कुटिया को गिराया जाना चाहिए। अब वह सब बेघर हो गए हैं। इस घटना से उनका कोई लेना देना नहीं था। इस पुश्तैनी मकान को किसी तरह मेहनत कर पक्का बनवाया था। कुछ इसी तरह अन्य आरोपी मोहित व विनोद के परिजन भी घर गिराए जाने से विचलित रहे। उनका भी यही कहना था कि जिसने गलत कार्य किया है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उनके घरों के छोटे बच्चों व महिलाओं का दोष नहीं है।

यह है मामला

चित्रकूट। चित्रकूट के मध्य प्रदेश थाना क्षेत्र के भरत घाट के पास मंदाकिनी नदी पर नाव में शनिवार देर रात बरौंधा थानाक्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ पांच नाविकों व उसके प्रेमी ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। रविवार को सभी आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जा चुका है। इस घटना को लेकर साधु-संतों, स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं में आक्रोश रहा।

सजा मिलनी शुरु

चित्रकूट। भरत मंदिर के महंत दिव्य जीवन दास, जानकी महल के महंत सीताशरण दास व फलाहारी आश्रम के महंत रामप्यारे दास ने कहा कि मंदाकिनी के आंचल को मैला करने वाले पापियों को सजा मिलनी शुरू हो गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *