बांदा। मामा के घर से जा रहे साइकिल सवार किसान की नहर में गिरकर डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों को जानकारी हुई।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव निवासी अहमद शाह (40) की दो ममेरी बहनों रुबीना और जुग्गी की शादी 10 मई को है। बरात रेऊना और रमईपुर से आनी है। शादी की तैयारी के लिए अहमद शाह अपने मामा के घर तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौसड़ गांव गया था। वहां से मंगलवार को सुबह साइकिल से दूसरे घर तिंदवारी जा रहा था। धौसड़ गांव के पास नहर पटरी पर साइकिल फिसल गई।
इससे वह साइकिल समेत नहर डूब गया। वहां से गुजरे ग्रामीणों ने उसे नहर में पड़ा देखा तो परिजनों को जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकाला।
छोटे भाई हसरत शाह ने बताया कि वह अविवाहित और चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता स्व. कासिम शाह की वर्ष 2021 में मौत हो चुकी है। मृतक बड़े भाई के साथ सिमौनी गांव में खेती किसानी करता था। उनका एक मकान तिंदवारी में भी बना है। उधर, तिंदवारी थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि अहमद शाह को मिर्गी के दौरे आते थे। दौरा आने पर नहर में डूबकर मौत हुई है।
