जसपुरा। थाना क्षेत्र के मजरा शंकरपुरवा में देर रात एक घर में आग लग गई। इससे मकान में रखी नकदी और गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। घर वालों को जब धुआं उठता दिखा तो उनमें खलबली मच गई। ग्रामीणों ने हैंडपंपों से पानी भरकर आग बुझाई।
जसपुरा थाना क्षेत्र के नांदादेव के मजरा शंकरपुरवा मैकी पत्नी स्व. रामदेव निषाद ने बताया कि सोमवार की देर शाम परिजन खाना खाकर बाहर सोने चले गए और वह भी घर के बाहर ही सो गई। देर रात अचानक घर के बाहर धुआं उठने लगा।
उसकी जब आंख खुली तो घर में आग लगी थी। यह देख वह घबरा गई और उसने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। गांव में आसपास के लोगों ने हैंडपंपों से पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका। पीड़िता ने बताया कि भैंस खरीदने के लिए 20 हजार रुपये घर में रखे थे, इसके अलावा गृहस्थी का सामान और गेहूं, चावल सबकुछ जल गया।
एसडीएम पैलानी शशिभूषण मिश्र ने बताया कि आग लगने की जानकारी हुई है, लेखपाल से जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जहां से निर्देश मिलने के बाद राहत संबंधित कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
