संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sat, 02 Sep 2023 12:08 AM IST
बांदा। छह दिन पहले कॉलेज परिसर में बीए की छात्रा के साथ हुई छेड़खानी के मामले में दबंगों ने छात्रा के घर के बाहर फायरिंग की। पीड़ित छात्रा ने परिवार समेत शुक्रवार को डीएम और एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी बीए की छात्रा ने डीएम व एसपी को शुक्रवार को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 25 अगस्त को पंडित जेएन डिग्री कॉलेज में अपना प्रवेश पत्र लेने गई थी। वहां जरैली कोठी मोहल्ला निवासी शुभम ने उसके साथ परिसर में छेड़खानी की थी। छात्रा की तहरीर पर आरोपी शुभम के खिलाफ छेड़छाड़ व एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था।
इसके बाद गुरुवार की रात 10 बजे छात्रा व उसके मामा-मामी का आरोप है कि रात के समय आरोपी युवक के पड़ोसी दबंग तमंचा लेकर आए और अभद्रता करते हुए उनके दरवाजे पर दो फायर किए। उधर, शहर कोतवाल मनोज शुक्ल ने बताया कि रात में उनके पास सूचना आई थी। उन्होंने चौकी इंचार्ज सिविल लाइन को मौके पर भेजा था। फायर वाली बात मोहल्ले के लोगों ने नहीं बताई है। घटना की जांच की जा रही है।
