चित्रकूट। ग्राहक बनकर कार व नकदी लूट करने वाले गिरोह के दो लोगों को पुलिस ने दबोच लिया है। इनके कब्जे से तीन मोबाइल व दो फर्जी वाहन नंबर की प्लेट बरामद हुई है। दोनों आरोपी गोंडा व सुल्तानपुर जिले के निवासी हैं।
शनिवार को एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि रैपुरा थाना क्षेत्र में 29 अगस्त की रात को बांधी के पास वरिगल तेलांगना के मिजामपुरा निवासी मोहम्मद समरूद्दीन घायलावस्था में मिला था। उसने बताया था कि तेलांगना प्रांत से उसकी कार दो युवकों ने झांसी के लिए 35 हजार रुपये में बुक कराई थी।
आरोपी चालक को बेहोश कर जबलपुर के पास फेंककर कार लेकर चले गए थे। उससे मिली जानकारी होने के बाद एसओजी, सर्विलांस व रैपुरा पुलिस टीम सक्रिय हुई। कार में जीपीआरएस सिस्टम से लोकेशन सुल्तानपुर जिले में मिली।
एसपी ने बताया कि मौके से सुल्तानपुर जिले के मोतीगरपुर पारस पट्टी निवासी आदर्श तिवारी के टयूबवेल से कार व आरोपी को पकड़ा गया। उसके साथ गोंडा जिला के जोरिया जगतापुर निवासी अजीत कुमार उर्फ नंगू गोस्वामी को भी पकड़ा गया है। एसपी ने बताया कि कार में जीपीआरएस सिस्टम लगा था। सुल्तानपुर के टयूबवेल के पास ही इन आरोपियों ने जीपीआरएस निकालकर फेंक दिया। इसी आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंच गई।
