किराये का कमरा लेकर मड़ावरा में रहे थे, ग्राम धौरीसागर प्राथमिक विद्यालय में थे तैनात
मऊरानीपुर के रहने वाले थे, परिजन भी नहीं बता पा रहे कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा (ललितपुर)। सरकारी स्कूल में शिक्षक की शनिवार की रात को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन कारण नहीं बता पा रहे हैं। शिक्षक किराये का कमरा लेकर रहते थे, वहीं रात को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
मऊरानीपुर के कबीर नगर झांसी रोड निवासी दीपेंद्र वर्मा (31) पुत्र रमेश चंद्र शिक्षा विभाग में शिक्षक थे। करीब तीन वर्ष से वह तहसील मड़ावरा के अंतर्गत ग्राम धौरी सागर में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे। दीपेंद्र वर्मा कस्बे में ही किराये पर कमरा लेकर यहां रहते थे।
शनिवार की रात को वह कमरे में थे। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी सूचना दीपेंद्र ने अपने परिजनों को मोबाइल पर दी। मोहल्लेवासी दीपेंद्र को लेकर मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। मृतक के भाई सतेंद्र ने बताया कि दीपेंद्र की मौत कैसे हुई, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। मृतक चार भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था।
