– अन्य स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की है तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दीपावली व उसके बाद शुरू होने वाले सहालग में ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। झांसी से पुणे तक चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। जबकि, अन्य विशेष गाड़ियों को चलाने का भी शिड्यूल तैयार किया जा रहा है।
झांसी और पुणे के बीच चलने वाली गार्ड संख्या 01922 /01921 के संचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। झांसी से पुणे के बीच यह ट्रेन 27 दिसंबर तक सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को संचालित की जाएगी। यहां से यह ट्रेन दोपहर में 12.50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11.35 बजे पुणे पहुंचेगी। जबकि, 28 दिसंबर तक यह ट्रेन पुणे से प्रत्येक बृहस्पतिवार को झांसी के लिए रवाना होगी। झांसी और पुणे के बीच इस ट्रेन का ललितपुर, बीना, विदिशा, भोपाल, नर्मदापुरम, इटरसी, खंडवा, भुसावल, मनमाढ़, कोपरगांव व अहमदनगर में ठहराव होगा। इसमें सामान्य श्रेणी के चार, स्लीपर श्रेणी के पांच, एससी थर्ड के पांच और एसी सेकेंड का एक कोच रखा गया है।
रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर अन्य स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की तैयारी है। इसका शिड्यूल तैयार किया जा रहा है।
