आटा। झांसी-कानपुर हाईवे पर ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। पीछे बैठे चचेरे भाई और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
शनिवार की दोपहर कदौरा थाना क्षेत्र के ताहरपुर गांव निवासी कल्लू (25) बाइक पर चचेरे भाई गोविंद (30) और बहन संगीता (35) को बैठाकर उरई से घर लौट रहा था। थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे पर चमारी नाले के पास ट्रक ने पीछे से बाइक पर टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ देर बाद कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने हादसे की जानकारी आटा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल गोविंद और संगीता को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि कल्लू की शादी नहीं हुई थी। वह घर पर ही रहता था।
