संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:49 AM IST
बांदा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के नीचे स्थित अंडर पास में अतर्रा-ओरन रोड पर मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा पाया गया। परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश न होने की बात कही है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए पैनल और वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया है। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं।
बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव निवासी रामप्रकाश यादव (30) का शव शनिवार को सुबह छह बजे गांव के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के नीचे बने अंडरपास पर अतर्रा-ओरन मार्ग पर पड़ा मिला। साले रामबाबू की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। मृतक के कान से खून बह रहा था। उसकी बाइक भी एक्सप्रेस वे पर खड़ी मिली।
बड़े भाई अवधेश यादव ने बताया कि रामप्रकाश लखनऊ में एक दवा कंपनी में काम करता था। दो दिन पहले वह गांव आया था। शुक्रवार की शाम छह बजे बाइक से गांव में घूमने निकला था। फिर रात भर घर नहीं आया। सुबह उसका शव पड़ा मिला। इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया एक्सप्रेस वे से गिरकर मौत होना प्रतीत हो रही है। मृतक शराब का आदी था। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति साफ होगी।
