संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:14 AM IST
शमसाबाद। दवा लेने जा रहे टेंपो में सवार छात्र की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टेंपो व पिकअप दोनों के चालक वाहन लेकर भाग निकले। छात्र की जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को पुलिस ने घटना की सूचना दी।
जनपद एटा थाना जैथरा गांव ललहट निवासी कुंवर सेन जाटव का 22 वर्ष का पुत्र राहुल कुमार बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसकी शादी शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव अलेपुर निवासी रामदास की पुत्री प्रीती से वर्ष 2021 में हुई थी। ऐसे में राहुल ससुराल में ही पत्नी के साथ रह रहा था। राहुल को दो दिन से बुखार आ रहा था। राहुल ने खून की जांच करवाई और शनिवार को कायमगंज में डॉक्टर को दिखाने के लिए टेंपो से जा रहा था। फैजबाग से शमसाबाद की ओर जा रही पिकअप ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टेंपो में सवार राहुल की सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। जनपद एटा थाना अलीगंज के गांव जुनैद निवासी राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। टेंपो व पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल राजपाल को सीएचसी में भर्ती कराया। मां ऊषा देवी, चाची पूजा देवी, दादी जय देवी, भाई रोहित व पिता कुंवर सेन जाटव का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
