संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Fri, 20 Oct 2023 01:01 AM IST
बांदा। बालू खदान से सीज किए गए ट्रकों को खड़ा कराने के लिए ट्रक में बैठकर आ रहे होमगार्ड को मारपीट करते हुए चालक और खलासी ने धक्का नीचे फेंक दिया। उस पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। इस जानलेवा हमले में होमगार्ड किसी तरह बच निकला और चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। थाने में खान निरीक्षक की तहरीर पर अज्ञात ट्रक मालिक समेत तीन के खिलाफ जानलेवा हमले समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खनिज निरीक्षक गौरव कुमार गुप्ता ने मटौंध थाने में दी तहरीर में बताया कि वह संयुक्त टीम के साथ मरौली खदान-पांच में अवैध खनन की शिकायत पर 17 अक्तूबर की रात जांच करने गए थे। यहां उन्होंने ओवरलोड व बिना रायल्टी के सात ट्रकों को सीज किया था। सीज किए गए पांच ट्रकों को कांस्टेबल की सुपुर्दगी में उन्हें मंडी समिति गोयरा में खड़ा कराने भेजा था, जबकि एक ट्रक में खनिज निरीक्षक के हमराही होमगार्ड अच्छेलाल कुशवाहा को बैठाकर उसे खड़ा कराने के लिए भेजा।
मरौली रोड पर ट्रक के चालक और खलासी ने अपने ट्रक मालिक से बात की और होमगार्ड अच्छेलाल के साथ मारपीट कर उसे चलते ट्रक से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। गार्ड किसी तरह से अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। उधर, ट्रक ड्राइवर और खलासी भी ट्रक लेकर भाग निकले। मटौंध थानाध्यक्ष रामदिनेश तिवारी ने बताया कि चालक व खलासी की तलाश की जा रही है।
