उरई। साथी के साथ जिम करने शनिवार की शाम गए युवक का वहां पहले से मौजूद एक युवक से विवाद हो गया था। जिस पर युवक ने अपने दो साथियों को बुलाकर युवक के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया था।
जिससे वह लहुलूहान होकर मरणासन्न हो गया था। उपचार के दौरान रविवार को युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी प्रदीप वाल्मीकि का 23 वर्षीय पुत्र हर्ष शनिवार की शाम अपने मित्र अनिकेत के साथ शहर के राजमार्ग स्थित कृष्णा टाकीज के पास जिम करने गया था। तभी नदीगांव निवासी योगेश तिवारी से उसकी डंबल उठाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिस पर योगेश ने अपने दो साथियों के साथ मारपीट की और जिम के बाहर लाकर उसके पेट में चाकू मार दिया। जिससे वह लहुलूहान होकर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने उसे कानपुर ले जाने को कहा। परिजन उसे लेकर कानपुर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि वह शहर के जालौन रोड स्थित एक डांस अकादमी चलाता था।
इसके साथ ही वह दो माह पहले नगर पालिका में सफाईकर्मी के तौर पर भी काम कर रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौैत से मां मुन्नी देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसपी डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मृतक के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
जिम में हुए विवाद में चाकू से हुई मौत के मामले में साथ में जिम करने वाले युवकों ने बताया कि दो दिन पहले डंबल उठाते समय योगेश पर हर्ष ने किसी बात को लेकर कमेंट कर दिया था। जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया था। शनिवार को भी उसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। जिस वजह से यह घटना हो गई।
