फिर भी संख्या बहुत कम, 321 छात्र-छात्राओं ने भरी कॉलेज की च्वाइस
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा कराई जा रही पूल काउंसलिंग के दूसरे दिन दोगुने अभ्यर्थी जरूर शामिल हुए। मगर फिर भी उम्मीद के मुताबिक अभ्यर्थी काउंसलिंग नहीं करा रहे हैं। सोमवार को आए 321 अभ्यर्थियों को 29 अक्तूबर को कॉलेज आवंटन होगा।
तीन चरणों की काउंसलिंग के बावजूद सरकारी और अनुदानित कॉलेज में भी 7680 के सापेक्ष 432 सीटें खाली पड़ी हैं। इससे स्पष्ट है कि छात्र-छात्राओं में इस बार बीएड को लेकर रुझान काफी कम है। पहली बार बीएड अभ्यर्थियों को पूल काउंसलिंग में भी सरकारी और अनुदानित कॉलेज में बची सीटों पर प्रवेश लेने का मौका दिया जा रहा है। बीयू की तरफ से रविवार से पूल काउंसलिंग शुरू की गई है, जोकि 29 अक्तूबर तक चलेगी। 28 अक्तूबर तक अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल होकर कॉलेज की च्वाइस भरेंगे। उसके अगले दिन कॉलेज आवंटन होगा। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि पूल काउंसलिंग के पहले दिन 162 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। जबकि, दूसरे दिन 321 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई है। त्योहार के बाद काउंसलिंग कराने वाले अभ्यर्थियों की संख्या में इजाफा होगा।
