संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सोमवार को कोतवाली पुलिस को एक युवक ने सूचना दी कि कुछ बदमाश उसकी बाइक और छब्बीस हजार रुपये लूट ले गए। पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की तो सामने आया कि बाइक किस्त अदा न करने पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ले गए थे। इस दरम्यान पुलिस तकरीबन एक घंटे तक उलझी रही। हकीकत सामने आने पर युवक का शांतिभंग में चालान काटा गया है।
मंगलवार को कोतवाली अंतर्गत एक ग्राम निवासी एक युवक ने थाने में पहुंचकर सूचना दी कि वह खाद लेने के लिए अपनी बाइक से शहर आ रहा था। रास्ते में मन्नू पेट्रोल पंप के पास अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक छीन ली और जेब में रखे करीब 26 हजार रुपये भी लूट लिए। सूचना पर सीओ सदर अभय नारायण राय व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान आसपास के इलाके में चेकिंग भी शुरू कर दी गई। युवक से गहनता से पूछताछ करने पर मामला खुल गया। सामने आया कि युवक ने बाइक फाइनेंस कराई थी। किस्त जमा न करने पर कंपनी के कर्मचारी बाइक ले गए थे। रुपये छीनने की बात भी झूठी पाई गई। इसके बाद फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। इस पर दोनों पक्षों के बीच पुलिस के सामने ही झगड़ा होने लगा। बाद में पुलिस ने युवक को हिरासत ले लिया और शांति भंग में चालान कर दिया।
