एरच में बने 228 आवास, बनते ही छत चटकने और प्लास्टर उखड़ने लगा था
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एरच में दो साल से आसरा आवास बनकर तैयार हैं। इनकी जांच पूरी होने का इंतजार है। आवास न मिल पाने से लाभार्थी परेशान हैं। नवंबर 2021 में जांच होने के बाद डूडा द्वारा रिपोर्ट खारिज कर देने के बाद से अब तक आवास आवंटन नहीं हो पाया है।
वर्ष 2020 में एरच में दो फेज में 228 आसरा आवास बनाए गए हैं। इन आवासों के निर्माण का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आवास उपलब्ध कराना है। मगर इस योजना का लाभ लाभार्थियों को नहीं मिल पाया। क्योंकि, एरच में इन आवासों का आवंटन होने के कुछ समय बाद ही किसी मकान का प्लास्टर उखड़ने लगा तो किसी की छत चटकने लगी।
इसी बीच एक आवास का छज्जा गिर गया और चार लोग घायल हो गए। आवास की जांच के आदेश हो गए। 26 नवंबर 2021 को एक जांच रिपोर्ट बनाकर डूडा को सौंपी गई। खास बात ये है कि न तो निर्माण सामग्री की जांच की गई और गुणवत्ताहीन काम होने पर न तो किसी को जिम्मेदार बताया गया। ऐसे में डूडा ने दोबारा जांच करने की सिफारिश की। अब करीब दो साल बीतने वाले हैं मगर अब तक आवासों की जांच पूरी नहीं हो पाई है।
आवास बनने में लग गए थे पांच साल
झांसी। वर्ष 2014-2015 में आसरा आवासों के निर्माण का काम शुरू हुआ था। इन आवासों को बनने में करीब पांच साल का समय लग गया। अब आवास बने तीन साल हो गए हैं और आवंटन होने के बावजूद लाभार्थी इनका लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
वर्जन..
हाल ही में मुझे परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त चार्ज मिला है। इस प्रकरण के बारे में पता लगवाकर जल्द जांच पूरी कराई जाएगी। – रोली गुप्ता, प्रभारी परियोजना अधिकारी, डूडा।
