एट (जालौन)। दीवार फांदकर घर में घुसे चोर अलमारी तोड़कर लाखों की नकदी और जेवर उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने कस्बा स्थित दो मंदिरों की दानपेटी तोड़कर उसमें रखे रुपये निकाल लिए। सुबह जानकारी होने पीड़ितों ने पुलिस को जानकारी दी।
थाना क्षेत्र के ककंनखेड़ा गांव निवासी कृष्णकांत पाल के घर गुरुवार की रात दीवार फांदकर घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी तोड़कर सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, चूरा, हाय, तोड़िया के अलावा पचास हजार की नकदी पार कर दी। चोर एक बक्सा भी उठा ले गए। बक्शा गांव के बाहर छोड़कर भाग गए। सुबह जब परिजनों को जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं चोरों ने कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित ओम कालेश्वर मंदिर से दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पार कर दी। सुबह जब पड़ोस में रहने वाली प्रभा देवी मंदिर की सफाई करने पहुंची तो उन्होंने टूटा पात्र देखा तो इसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों को दी। इसके अलावा चोरों ने सिद्धेश्वर शिवालय सोलना में दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ली। सुबह पुजारी रामजी जब मंदिर पहुंचे तो टूटा दानपात्र देख इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने मंदिर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
