संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sat, 04 Nov 2023 12:14 AM IST
बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र में एक अज्ञात 35 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे पानी से भरी खंती में पड़ा पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस शराब के नशे में किसी वाहन से टकराकर खंती में गिरने की आशंका जता रही है। शरीर में हाथ पैर में खरौंच के निशान भी मिले हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव के भिम्मा का पुरवा में शुक्रवार को सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। शव नीली रंग की सैंडो बनियान व भूरे रंग का हाफ पैंट पहने हुआ था। शव के पास सड़क किनारे टीशर्ट भी पड़ी पाई गई है। सड़क किनारे पानी की बोतल, दोना और शराब की बोतल का कवर (दफ्ती का डिब्बा) पड़ा मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम व देहात कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। देहात कोतवाली प्रभारी जयचंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी वाहन की टक्कर से खंती में गिरकर मौत होना प्रतीत हो रहा है।
