मेडिकल कॉलेज में हुए बवाल के बाद कई आरोपी छात्र-छात्राओं के मां-बाप कॉलेज प्रशासन तक पहुंचे
बवाल की सीसीटीवी फुटेज देख पकड़ लिया माथा, बच्चों की करतूत देख कई रो पड़े
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सर, आप कैसी बात कर रहे हैं, हमारी बेटी किसी को एक थप्पड़ तक नहीं मार सकती है…और आप कह रहे हैं कि वह मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को हुए बवाल में लाठी लेकर हंगामा कर रही थी। अरे, हमने खेत गिरवीं रखकर उसे यहां पढ़ाई करने भेजा था। वह ऐसा नहीं कर सकती है। अरे, सर हमारी भी तो सुनिए, हमारा बेटा तो बहुत सीधा है, वह सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान लगाता है, उसे पता है कि उसके पिता उसे किसी तरह लोन लेकर पढ़ा रहे हैं। वह मारपीट करे, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है…।
झांसी के मेडिकल कॉलेज और पैरामेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के माता-पिता का यह अटूट भरोसा शनिवार को उस वक्त आंसू बनकर बह गया जब छात्रों के बवाल के बाद शनिवार को कई आरोपी छात्र-छात्राओं के माता-पिता उनके बच्चों को बिना किसी कुसूर के घसीटे जाने की शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन तक पहुंच गए। लेकिन जैसे ही कॉलेज प्रशासन ने उन्हें हंगामे की सीसीटीवी फुटेज दिखाई…इनका कलेजा धक से रह गया।
फुटेज में जहां उनके बेटे-बेटियां हाथ में डंडे-हॉकी थामे हंगामे का हिस्सा बने नजर आ रहे थे, वहीं फुटेज देख कई माता-पिता फफक पड़े। हालात ये थे कि प्राचार्य के कमरे से फुटेज देख बाहर निकला कोई पिता सिर पर हाथ रखकर जमीन पर ही बैठ गया और बोला-बेटा तूने ये क्या कर दिया, ये झगड़े फसाद में पड़कर तूने हमें मिट्टी में मिला दिया, गांव जाकर क्या कहेंगे…?
वहीं रिश्तेदार के साथ आई किसी की मां पल्लू से अपना मुंह छिपाकर रो पड़ी, बोलीं-बेटी को अकेले पाला है। प्राइवेट नौकरी में उधार लेकर किसी तरह उसकी फीस भरते हैं। पेन उपहार में देकर पढ़ने भेजा था, पता नहीं लाठी कहां से ले आई…। ऐसी ही स्थिति कई अभिभावकों की थी। मेडिकल कॉलेज में आठ-दस छात्र-छात्राओं के माता-पिता व अभिभावक फुटेज देखने के बाद मायूस होकर लौट गए।
मेडिकल कालेज में इन जनपदों के छात्र-छात्राएं कर रहे मेडिकल की पढ़ाई
बांदा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बरेली, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा समेत राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा के छात्र मेडिकल की पढ़ाई कर रहे है।
