संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Tue, 07 Nov 2023 12:18 AM IST
बांदा। जीएसटी विभाग दो सराफ कारोबारियों के शोरूमों में छापामारी की है। इस कार्रवाई में 1.13 करोड़ के ऐसे आभूषण मिले, जिनका उनके पास कोई बिल नहीं था। इस पर उन्हें सील कर दिया गया। दोनों से विभाग ने 3.84 लाख रुपये जुर्माना वसूला है।
जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ब्रजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सोमवार की दोपहर उनकी टीम ने चौक बाजार स्थित कारोबारी फूल चंद्र नमित के यहां छापा मारा। ढाई घंटे से भी ज्यादा समय तक आभूषणों के कागजात टटोले गए।
इस दौरान कारोबारी 50 लाख के आभूषणों का लेखा जोखा नहीं दिखा सके। इस पर उनसे 1.70 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं रविवार को इसी टीम ने अतर्रा में जय नारायण सर्राफ के यहां छापामारी की। यहां भी करीब ढाई घंटे तक कागजात जांचे गए। यह कारोबारी 63 लाख के आभूषणों के बिल नहीं दिखा पाए। इन पर 2.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान एसी जुबैर अहमद, सीटीओ भानू प्रताप, मनोज यादव शामिल रहे।
