चित्रकूट । जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में बुंदेलखंड पेयजल योजना के अन्तर्गत प्राप्त धनराशि से खरीदे गए ट्रैक्टर व टैंकरों को वानकी कार्य के लिए वन विभाग को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। जिला पंचायत क्षेत्र के अन्तर्गत स्थापित और भविष्य में बनने वाले गेस्ट हाउस, मैरिज हाल, विवाह स्थल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि स्थलों को विनियमित एवं नियंत्रित करने संबंधी नवीन उपविधि बनाने की स्वीकृति भी प्रदान की गयी। वित्तीय वर्ष के लिए 39 करोड़ के अनुमानित बजट की स्वीकृति प्रदान की गयी
बुधवार को बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार जाटव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वित्तीय परामर्शदाता पंचानन वर्मा ने बजट को सदन में पढ़कर सुनाया। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से वित्तीय वर्ष के लिए 39 करोड़ के अनुमानित बजट की स्वीकृति प्रदान की गई। अपर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिला पंचायत चित्रकूट क्षेत्र के अन्तर्गत ठेकेदारी कार्य को नियंत्रित एवं विनियमित संबंधी उपविधि 2005-06 प्रकाशन की तिथि से प्रभावी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सभी ठेकेदार मानक और गुणवत्ता का ख्याल रखते हुए कार्य करें। इस मौके पर सांसद आके सिंह पटेल, मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, पहाड़ी ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, मानिकपुर अरविंद मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन शुक्ला, मीरा भारती आदि मौजूद रहे।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि समीक्षा के दौरान बैठक से गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों के स्पष्टीकरण मांगने और बिना उचित कारण के बैठक से गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों का वेतन रोके जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
