संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Sun, 12 Nov 2023 12:16 AM IST
बांदा। त्योहार पर शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति रही। लोग परेशान रहे। कई मार्गों पर जाम एक घंटे से भी ज्यादा समय तक लगा रहा। इस स्थिति में वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े। लोगों को मंजिल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दीपावली पर खरीदारी के लिए शनिवार को लोग घर से बाहर निकले तो उन्हें शहर की सड़कों पर जाम से दोचार होना पड़ा। सबसे ज्यादा स्थिति खराब झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर हुई। इस रोड पर संकट मोचन मंदिर के बाहर और प्रदर्शनी स्थल के बाहर लोगों द्वारा चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े कर दिए। इसके अलावा स्टेशन रोड पर भी जाम की समस्या रही। पुराने ब्रिज पर भी दोपहर में जाम की स्थिति बनी रही। छावनी रोड, रोडवेज के सामने, कालू कुआं चौराहे आदि मार्गों पर भी कई बार जाम की नौबत रही।
