संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 15 Nov 2023 11:08 PM IST
बांदा। अपने घर में मवेशियों के लिए सानी (चारा-पानी) कर रही महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म के इरादे से अश्लील हरकत की। महिला ने किसी तरह से अपने को बचाया तो आरोपी का पिता भी वहां आ गया। पिता-पुत्र ने महिला से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला की तहरीर पर थाना पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के रिपोर्ट दर्ज की है।
कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 10 नवंबर की शाम वह अपने घर में मवेशियों का चारा पानी कर रही थी। तभी गांव का रामबाबू उर्फ कल्लू यादव उसके घर के अंदर घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। किसी तरह से उससे बची तो आरोपी का पिता मुन्नीलाल यादव वहां आ गया।
दोनों पिता-पुत्र ने उसे घसीटा और उसके कपड़े उतार दिए। महिला ने बताया कि घटना के दूसरे दिन पिता-पुत्र ने पूरे परिवार का नर संहार कर देने की धमकी दी। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी फरार हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
