Spread the love


कालपी। महेवा ब्लॉक क्षेत्र में किसानों के हाल ठीक नहीं हैं। उनकी फसलों की बुआई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। जिससे रबी की फसलों की बुआई का समय निकला जा रहा है।

रबी की फसल की बुआई का समय नजदीक पर है लेकिन किसानों को बुआई के लिए समय से पानी नहीं मिल पा रहा है। जबकि इस फसल में ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है लेकिन महेवा ब्लॉक क्षेत्र के ज्यादातर सरकारी नलकूप खराब पड़े हुए हैं।

जिससे किसान अपनी फसल बोने के लिए पलेवा नहीं कर पा रहे हैं। किसानों को अपनी फसल बुआई के लिए इस समय पानी की जरूरत पड़ती है, लेकिन जल संस्थान एवं जल निगम के कर्मचारियों एवं ट्यूबवेल के ऑपरेटर की बदौलत नलकूप इस समय खराब पड़े हुए हैं। जिससे किसान दर-दर की ठोकर खाकर परेशान हैं।

महेवा ब्लॉक में वर्तमान में करीब 90 सरकारी नलकूप लगे हुए हैं, लेकिन इसमें ज्यादातर खराब पड़े हुए हैं। जिसमें महेवा ब्लॉक ग्राम पंचायत कुटरा के मौजा हर्रायपुर में नलकूप संख्या 225 पिछले कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है।

महेवा निवासी किसान नरेंद्र सिंह, रामलखन, जितेंद्र व देवेंद्र आदि किसानों ने बताया कि वह लोग पिछले दिनों से इसकी शिकायत तहसील एवं संबंधित विभाग से कर चुके हैं, लेकिन फिर भी इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिससे हम लोग परेशान हैं, खेत बुआई के लिए पड़े हुए हैं।

महेवा निवासी किसान कल्लू सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिन से नलकूप संख्या 225 खराब पड़ा हुआ है। जिससे हम लोगों को पलेवा करने में दिक्कत हो रही है। इसकी शिकायत वह हर जगह कर चुके हैं, लेकिन समस्या का अभी तक हल नहीं हुआ है।

महेवा निवासी किसान इंद्रपाल ने बताया कि नलकूप कई दिनों से खराब पड़ा है। उनकी पूरी जमीन में इसी नलकूप से सिंचाई होती है लेकिन यह नलकूप खराब होने के कारण जमीन पर पानी नहीं लग पा रहा है। जिससे वह बुआई नहीं कर पा रहे हैं।

कुछ नलकूप खराब हो गए हैं। उन्हें नए सिरे से लगवाया जाएगा। साथ ही जो थोड़ी बहुत कमियों के कारण काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा। किसानों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। -राजकुमार पांडेय, अधिशासी अभियंता नलकूप



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *