आटा। घर में अकेली किशोरी का संदिग्ध हालात में शव फंदे से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के समय किशोरी की मां, भाई-बहनों के साथ मायके गई थी।
थाना क्षेत्र के भड़राडेरा गांव निवासी वृंदावन की 17 वर्षीय पुत्री सरोज का शव गुरुवार की सुबह फंदे से लटका मिला। दादी जब कमरे में गईं तो पौत्री का शव फंदे से लटकता देख सन्न रह गईं।
शोर सुन दौड़े मोहल्ले के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि पिता सूरज एक कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां तीनों बच्चों के साथ घर में रहती हैं।
मां बुधवार को सरोज को सास के पास छोड़कर दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी। उसने यह कदम क्यों उठाया परिजन इसकी कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह का कहना है कि परिजनों से पूछताछ के बाद प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का सामने आ रहा है। जांच-पड़ताल की जा रही है।
किशोरी के शव के पास पुलिस को उसका मोबाइल मिला है, जिसको पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल से उसकी मौत की वजह पता चल सकती है। पुलिस मोबाइल के सहारे ही जानकारी जुटाने में लगी है।
