– सुविधाओं का लेगी जायजा, आठ महीने पहले जमा हो चुकी है एसएसआर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में 12 दिसंबर को नैक की टीम आएगी। तीन दिन तक बीयू में रहकर सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, प्लेसमेंट ट्रेनिंग, शोध, इनावेशन, इंक्यूबेशन सेंटर आदि का मूल्यांकन करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। फिर नैक की ग्रेडिंग जारी होगी।
बीयू में करीब डेढ़ साल से नैक की तैयारियां चल रही हैं। बीती सात मार्च में सेल्फ स्टडी रिपोर्ट (एसएसआर) जमा हो चुकी है। अब आठ महीने बाद नैक की टीम बीयू आ रही है। 12 से 14 दिसंबर तक टीम विश्वविद्यालय में रहेगी। टीम विभागों की भ्रमण करेगी।विभिन्न सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, प्लेसमेंट ट्रेनिंग, शोध, इनावेशन व इंक्यूबेशन सेंटर आदि का मुआयना करेगी। एसएसआर में दर्ज सूचनाओं, जानकारियों का भौतिक परीक्षण करेगी। कुलपति द्वारा भी प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र, पुरातन छात्र, अभिभावकों से विश्वविद्यालय के बारे में जानकारी लेगी। टीम में छह से आठ सदस्य हो सकते हैं। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि नैक का लेकर तैयारियां पूरी हैं।
ए प्लस-प्लस ग्रेड लाने की है चुनौती
बीयू में चौथी बार नैक का मूल्यांकन होने जा रहा है। अभी बीयू के पास बी प्लस-प्लस ग्रेड है। मगर इस बार बीयू के सामने नैक का ए प्लस-प्लस ग्रेड लाने की चुनौती है।
