परीक्षा में हाईस्कूल के 21087 और इंटरमीडिएट में 13614 परीक्षार्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष चार केंद्र कम किए गए हैं। जिले में कुल 50 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई है। इन पर विद्यालयों से 28 नवंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके बाद फाइनल सूची जारी की जाएगी।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 की तैयारियों में माध्यमिक शिक्षा विभाग तेजी के साथ जुटा हुआ है। इस बार बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 21087 और इंटरमीडिएट में 13614 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए 50 परीक्षा केंद्र बनाए जाने की सूची जारी की। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार चार परीक्षा केंद्र कम हैं। हालांकि केंद्रों की सूची अभी फाइनल होना बाकी है। अंनतिम सूची पर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से 28 नवंबर तक आपत्तियां मांगी गई है। इनके निराकरण के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर परीक्षा केंद्रों का सही निर्धारण कर वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्र बनाए जाने को लेकर शनिवार को दो आपत्तियां दर्ज कराई जा चुकी हैं।
बोर्ड परीक्षा 2024 के लिए परीक्षा केंद्रों को बनाए जाने में आपत्ति या शिकायत 28 तक दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं की जाएगी। आपत्तियों का निराकरण करने के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
ओम प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक
