अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी रेलवे स्टेशन के नए मॉडल में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन को जगह नहीं दी गई है। रेलवे की ओर से नए मॉडल की डीपीआर बनाई जा चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य के लिए निविदाएं मांगी जाएंगी।
झांसी में लाइट मेट्रो चलाने की तैयारी है। झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा इसकी डीपीआर बना ली गई है। इसमें रेलवे स्टेशन पर भी मेट्रो स्टेशन बनाने का प्रावधान किया गया है। लेकिन, रेलवे की ओर से स्टेशन के नए मॉडल की डीपीआर में मेट्रो स्टेशन के लिए कोई स्थान नहीं रखा गया है। स्टेशन के नए मॉडल की डीपीआर को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। निर्माण के लिए जल्द निविदाएं मांगी जाने वाली हैं। ऐसे में अब रेलवे की ओर से मेट्रो स्टेशन के लिए अपनी डीपीआर में परिवर्तन की गुंजाइश बची नहीं हैं। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन के नए मॉडल की डिजाइन रेलवे बोर्ड ने मंजूर कर ली है। टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। ऐसे में अब इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
