Spread the love

झाँसी के समथर थाना क्षेत्र में नगर पालिका परिषद द्वारा निर्माणाधीन तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई । सूचना पर पहुचे थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह मय पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से मृतक के शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला कटरा निवासी बच्चन खान उम्र करीब 38 वर्ष एटा मैनपुरी में हाथ ठेला पर पानीपुरी बेचने का काम करता था। सावन के त्योहार पर वह तीन दिन पूर्व ही घर आया था। शनिवार की शाम करीब 4 बजे वह बाजार जाने की कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की गई। खोजबीन के दौरान एक व्यक्ति ने परिजनों को बताया कि रास्ते से गुजरते समय उसने देर शाम बच्चन को एक व्यक्ति के साथ तालाब की सीढ़ियों पर बैठे देखा था। जब परिजन तालाब पर पहुंचे तो कांशीराम कॉलोनी निवासी नासिर खान तालाब की सीढ़ियों पर सोता हुआ मिला, जब उससे बच्चन के बारे में पूछा गया तो उसने बताया उसने और बच्चन ने सीढ़ियों पर बैठकर शराब पी और तालाब में नहाने लगे, वह सीढ़ियों पर आकर लेट गया और बच्चन नहाता रहा। इसके बाद वह नशे में कब सो गया उसे नहीं पता। आनन फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड और स्थानीय गोताखोर बुलवाकर रात में तालाब में खोजबीन कराई लेकिन रात में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार की सुबह गोताखोरों की मदद से तालाब से मृतक बच्चन का शव बरामद हो गया। घटना की सूचना पर एसडीएम मोठ अवनीश तिवारी एवं सी ओ मोठ मौके पर पहुंचे और घटना का संज्ञान लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के एक बेटा और एक बेटी है। एसडीएम मोठ अवनीश कुमार का कहना है कि शनिवार रात एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस की छानबीन में जानकारी मिली कि वह तालाब में डूब गया, उसका शव तालाब में है । शव को सकुशल निकाल लिया गया है और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *