बांध पुनर्वास और सुधार परियोजना ड्रिप फेज-2 के तहत धनराशि स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जामनी बांध का जीर्णोद्धार 7.30 करोड़ से किया जाएगा। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद सिंचाई विभाग के द्वारा अनुबंध की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसमें बांध के अपस्ट्रीम में पिचिंग, कंक्रीट स्पिल-वे (रास्ता) और लीकेज को बंद करने के अलावा गेटों को आधुनिक रूप दिया जाएगा।
विश्व बैंक वित्तपोषित बांध पुनर्वास और सुधार परियोजना ड्रिप फेज-2 के तहत जनपद के जामनी बांध के जीर्णोद्धार के लिए कार्ययोजना शासन को भेजी गई थी। शासन ने इसे मंजूरी देते हुए 7.30 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस स्वीकृत धनराशि से बांध के मैनुअल गेटों पर काम होगा। अभी तक यह गेट हाथ से खोले जाते हैं। लेकिन, अब इन गेटों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
बांध की सुरक्षा के लिए अपस्ट्रीम में पिचिंग, कंक्रीट का स्पिल-वे का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही बांध के पास सोलर लाइट, डाउन स्ट्रीम का सुदृढीकरण, रिपेयरिंग और निरीक्षण भवन की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा बांध से निकलीं दोनों नहरों के हेड पर लगे गेटों पर सुरक्षा शेड निर्मित कराया जाएगा।
इसके साथ ही बांध की सुरक्षा के लिए टाइप वन स्तर के दो आवासों का निर्माण किया जाएगा। जिसमें सिंचाई विभाग के बेेलदार निवास करेंगे और बांध की सुरक्षा ड्यूटी सहित निगरानी करेंगे। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब सिंचाई विभाग ने बांध के जीर्णोद्धार कार्य के लिए अनुबंध की प्रकिया भी शुरू कर दी है।
7.30 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद बांध का कार्य शुरु करवा दिया जाएगा।
-इं. सलमान खान, सहायक अभियंता सिंचाई खंड
