संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sun, 04 Jun 2023 12:09 AM IST
बांदा। दो मारपीट की घटनाओं में चार लोग गंभीर घायल हो गए। पहले मामले में बंटवारे के विवाद में मारपीट हुई। दूसरी घटना में एक व्यक्ति कुल्हाड़ी के हमले से घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है।
पैलानी थाना क्षेत्र के मरौली कला गांव निवासी राजेंद्र (40) के चचेरे भाई रमेश के पुत्र पंकज की शादी तीन जून को थी। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे शादी वाले घर में खाना चल रहा था। तभी रमेश के साले छत्रपाल ने घर के बंटवारे की बात शुरू कर दी। इसमें विवाद हो गया। वहां मौजूद चार लोगों ने राजेंद्र (40), उसके ताऊ कुन्नी लाल (80) और प्रियंका (16) को लाठियों से पीटकर गंभीर घायल कर दिया। तीनों को परिजनों ने देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
उधर, जसपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रोहित उर्फ गोलू (30) शुक्रवार की रात 11 बजे के करीब बांदा में एक शादी समारोह से बोलेरो से लौटा था। रात में वह जसपुरा बस स्टैंड में उतर गया। वहां से वह पैदल घर जा रहा था। तभी वहां एक युवक ने उससे शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगे। न देने पर उसके सिर में कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया। घायल रोहित का आरोप है कि उसकी जेब में पड़े 4700 रुपये भी निकाल लिए। रोहित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
