ललितपुर। ग्रामीण पर लाठी से हमला कर हत्या करने वाला नामजद आरोपी घटना के तीन दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। हालांकि पुलिस वांछित हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देने का दावा कर रही है।
बता दें कि 8 जून की शाम को कोतवाली महरौनी के अंतर्गत छिल्ला निवासी हरपाल (40) पुत्र इमरत पर गांव के प्रभान सिंह उर्फ छोटू और रामराजा ने लाठी-डंडो से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। 9 जून को पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने शाम को महरौनी-ललितपुर सड़क पर शव को रखते हुए जाम लगा दिया था और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रर्दशन किया था।
सीओ महरौनी के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ था। इसके बाद पुलिस ने एक हत्यारोपी प्रभान उर्फ छोटू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। साथ में घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल लाठी भी बरामद कर ली थी। लेकिन, दूसरे नामजद हत्यारोपी को पुलिस पकड़ने में नाकामयाब साबित हुई है।
हत्यारोपी के अभी तक गिरफ्तार न होने से मृतक के परिजनों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं, पुलिस हत्या के मामले में वांछित चल रहे दूसरे हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दिए जाने का दावा कर रही है। लेकिन, वह अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है।
यह हुई थी घटना
8 जून को हरपाल के बहनोई जागेश्वर ने अपना मोबाइल फोन छोटू को चार्ज करने को दिया था। जागेश्वर ने फोन वापस मांगा तो छोटू ने मना कर दिया था और जागेश्वर को थप्पड़ मार दिया था। जब हरपाल ने छोटू को उलाहना दिया तो छोटू ने अपने भाई रामराजा के साथ मिलकर हरपाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसकी मौत हो गई थी।
