खप्टिहा कलां। जमीन के विवाद में पुलिस पर महिलाओ से अभद्रता का आरोप लगाया गया है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने एसडीएम से शिकायत की है।
जसपुरा थाना क्षेत्र के नांदादेव गांव की सुखी निषाद, शिवसखी निषाद, शकुंतला निषाद और अनीता निषाद ने एसडीएम पैलानी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव का ही दबंग उनकी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहा है। उसने सात जून को पुलिस की मदद से महिलाओं को बेइज्जत कराया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
एसडीएम विकास यादव ने बताया कि जिस पर बेइज्जत करने का आरोप लगाया जा रहा है वह परिवार तीन पीढि़यों से यहां रहता चला आ रहा है। जबकि निषाद परिवार के लोगों का कहना है कि यह जमीन उनकी है। आबादी और जमीन का प्रकरण है। पैमाइश कराकर जमीन का सीमांकन कराया जाएगा। तभी सही और गलत का पता चल सकेगा।
उधर, जसपुरा इंस्पेक्टर राकेश सरोज ने बताया कि पुलिस ने किसी महिला को बेइज्जत नहीं किया है। यह आरोप गलत है। जमीन विवाद का मामला है। दोनों पक्ष अपनी-अपनी जमीन बता रहे हैं। मामला जमीन से जुड़ा है। वायरल वीडियो की जांच की जाएगी।
