बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने 102 वें एपिसोड ‘मन की बात’ कार्यक्रम के में जिले लुकतरा ग्राम प्रधान तुलसीराम यादव का जिक्र किया। पीएम ने प्रधान के पानी बचाने के लिए उनके नए प्रयोग खेत का पानी खेत व गांव का पानी गांव की मुहिम का जमकर तारीफ की। पीएम ने कहा कि बुंदेलखंड में पानी को लेकर कितनी कठिनाई रही है। इस चुनौती से पार पाने के लिए प्रधान तुलसीराम ने गांव के लोगों के साथ मिलकर 40 से अधिक तालाब बनवाए हैं। तुलसीराम ने ‘खेत का पानी खेत मे’ गांव का पानी गांव में, को अपनी मुहिम बनाया है। आज उनकी मेहनत का नतीजा है कि गांव में भू-जल स्तर में सुधार आ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
इसके पूर्व पीएम मोदी मन की बात कार्यक्रम में जल गांव जखनी के मॉडल की भी चर्चा कर चुके हैं। जो प्रदेश में अपने आप में एक मॉडल है। साथ ही जिले के पूर्व जिलाधिकारी हीरालाल व अनुराग पटेल ने भी जल संचयन पर यहां काम किया है। जिसके लिए वह सम्मानित भी किए गए। उधर, पीएम द्वारा कार्यों की सराहना किए जाने पर प्रधान काफी गदगद हैं। उन्होंने कहा कि अब वह पानी बचाने के लिए दोगुने जोश के साथ गांव और गांव के बाहर काम करेंगे।
