बांदा। भाई के साथ बाइक पर बैठकर जा रही महिला दूसरी बाइक की टक्कर से उछलकर सड़क पर सिर के बल गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। मृतका रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने जा रही थी।
बिसंडा थाना क्षेत्र के शिव गांव निवासी गायत्री देवी (42) अपने भाई उसरा पुरवा कैरी गांव निवासी सत्यनारायण के साथ शुक्रवार को रात आठ बजे के करीब अपनी मौसी सुंता की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए तेंदुरा गांव जा रही थी। बिसंडा थाना क्षेत्र के शाहपुर और ओरन गांव के बीच सामने से आ रही दूसरी बाइक के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरीं। उन्हें भाई ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
देवर जयकरन वर्मा ने बताया कि गायत्री के तीन पुत्र दो पुत्रियां हैं। पति बेस कुमार वर्मा मजदूरी करता है। थानाध्यक्ष कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि आमने-सामने दो बाइकों की टक्कर हुई थी। महिला गंभीर घायल थी। उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
