
10 किलोमीटर लंबे जाम में फंसीं एंबुलेंस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दस किलोमीटर लंबे उस जाम ने हमारी सांसें रोक दी थीं, एंबुलेंस में दर्द से बेहाल हमारे अपने तड़प रहे थे। उन्हें लग रहा था कि अब प्राण निकल जाएंगे। सब एक-दूसरे से चिपटकर रो रहे थे। कौन किसे दिलासा दे, ये समझ ही नहीं आ रहा था। भीषण जाम में पीछे से कई आवाजें आ रही थीं, लोग कह रहे थे कि कई एंबुलेंस फंसी हैं…।
ये सुनकर हम लोग बार-बार गाड़ियों से उतरकर जाम से निकलने का रास्ता ढूंढ रहे थे, लेकिन हालत ये थी कि दो-तीन घंटे तो गाड़ियां टस से मस नहीं हो पाईं। भगवान ने बचा लिया, बस…वरना पता नहीं क्या से क्या हो जाता।
ये आपबीती सुना रहे रविवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर दस किलोमीटर लंबे जाम के बीच एंबुलेंस में मरीज को लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे तीमारदारों ने सुनाई तो उनके मरीज रो पड़े। वह हाथ जोड़कर बार-बार भगवान का नाम लेते रहे।
सोमवार को तीमारदारों ने कहा कि जाम का ऐसा नजारा वह जीवन भर नहीं भूलेंगे। रविवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर पारीछा पावर प्लांट के पास टैंकर पलटने से बड़ागांव से चिरगांव के बीच करीब दस किलोमीटर लंबे जाम में आठ एंबुलेंस भी कई घंटे तक फंसी रहीं थीं। इनमें दो एंबुलेंस अति गंभीर मरीजों को लेकर जा रही थीं।
